फतेहाबाद | सालासर बालाजी के दर्शन करने के लिए हरियाणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजस्थान जाते हैं। कई बार सीधी बस नहीं मिलने के कारण यात्रियों को रास्ते में बस बदलनी पड़ती है। इससे समय भी ज्यादा लगता है और किराया भी बढ़ जाता है। अब फतेहाबाद के श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज ने विशेष बस सेवा शुरू की है, जिससे एक ही दिन में दर्शन करके घर लौटना आसान होगा।

हरियाणा रोडवेज के फतेहाबाद डिपो ने शरद पूर्णिमा के अवसर पर सालासर बालाजी धाम के लिए नॉन स्टॉप विशेष बस सेवा शुरू की है। शुक्रवार को अधिकारियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा शरद पूर्णिमा तक संचालित की जाएगी।
फतेहाबाद से रवाना होगी बस
विशेष बस फतेहाबाद के हिसार रोड स्थित नए बस स्टैंड से सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर चलेगी। इसके बाद सुबह 11 बजकर 24 मिनट पर हिसार पहुंचेगी। यहां से आगे बढ़ते हुए बस दोपहर करीब 2 बजे सालासर बालाजी धाम पहुंच जाएगी। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को बीच रास्ते दूसरी बस पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
शाम में सालासर से वापसी
वहीं, सालासर धाम से वापसी के लिए बस शाम 5 बजे रवाना होगी। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे हिसार पहुंचेगी और आगे फतेहाबाद तक यात्रियों को पहुंचाएगी। श्रद्धालु सुबह घर से निकलकर बालाजी के दर्शन करने के बाद उसी दिन वापस लौट सकेंगे। फतेहाबाद से सालासर तक इस विशेष बस का किराया 280 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है।
सीधे मार्ग से संचालन होने के कारण नियमित बस की तुलना में करीब 30 रुपये किराये की बचत होगी। सफर में लगने वाला समय भी कम होगा। रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक मनोज कुमार के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।