हिसार | PM नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का रविवार को आयोजन हुआ. हिसार बीजेपी जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया, जिला उपाध्यक्ष रणधीर धीरू समेत कई अन्य नेताओं के साथ जिला भाजपा कार्यालय में इस कार्यक्रम को लाइव देखा. प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले (Mahakumbh Mela) का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हजारों सालों से चली आ रही इस परम्परा में कहीं भी कोई भेद- भाव व जातिवाद नहीं है.
कार्यक्रम में खास बात यह रही कि उन्होंने हिसार जिले का विशेष रूप से उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने हिसार शहर के 2 युवकों द्वारा किए गए स्टार्टअप की खूब तारीफें की.
बाजार में बेच रहे गुड़- गेहूं से बना कप- प्लेट
हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में इन्क्यूबेशन सेंटर में ट्रेनिंग लेकर स्टार्टअप शुरू करने वाले पुनीत दत्ता ने गुड़- गेंहू सहित अन्य पदार्थों को मिलाकर बर्तन तैयार किए है. इनमें कप- प्लेट सहित अन्य बर्तन बनाए गए हैं. इन बर्तनों में चाय पीने के बाद इन्हें खा भी सकते हैं. पुनीत का यह कारोबार 5 वर्षों में ही विदेशों तक फैल गया है. दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी पुनित ने बताया कि उसने आटा वेयर नाम से वर्ष 2019 में एक स्टार्टअप शुरू किया था. उनकी कंपनी गुड़ व अन्य प्रोडक्ट के बर्तन बनाती है.
गुड़ में मक्का, ज्वार, बाजरा, गेहूं मिलाकर कप- प्लेट व अन्य बर्तन तैयार किए जाते है. इसमें 2 हजार फ्लेवर होते है. फ्लेवर के लिए इंलायची, अदरक, मीठा पान मिलाया जाता है. चाय वालों को ये बर्तन सप्लाई किए जाते है. एक कप को साढ़े 3 रुपये से लेकर 10 रुपये तक की कीमत में बेचा जाता है. कंपनी ने जनवरी तक 90 लाख का टर्नओवर हासिल किया है. भारत में कंपनी से चार डिस्ट्रीब्यूटर्स जुड़ गए है. वहीं, एक कनाडा में और दूसरा डिस्ट्रीब्यूटर यूके में है.
किसान को तुरंत मिलेगी मोटर चोरी की सूचना
मूल रूप से सिरसा के सपावास गांव के रहने वाले व हालिया हिसार के डाबडा चौक एरिया निवासी सुनील ने बताया कि उसने केविनटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम से करीब 7 साल पहले स्टार्टअप शुरू किया था. उनकी कंपनी ने एक डिवाइस तैयार किया है, जिसे मोबाइल से जोड़कर किसान अपनी पानी की मोटर को बंद और चालू कर सकते हैं.
उन्हें तार चोरी व मोटर चोरी होने की भी जानकारी मोबाइल पर ही मिल जाएगी, जिससे चोरी की वारदात को रोका जा सकता है. इसके लिए जीएसएम प्लस नाम से एक मॉडल बनाया गया है. इस मॉडल पर वह सात साल से काम कर रहे है. उनकी कंपनी का टर्नओवर 6 करोड़ रुपये पहुंच गया है. कंपनी में 300 लोग काम कर रहे है. सुनील ने बताया कि वह किसान परिवार से सबंध रखते हैं.
