गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में ट्रैफिक संचालन को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए गोल्फ कोर्स रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) से जुड़ी एक मुख्य सड़क पर स्थित गोल चक्कर को हटाया जाएगा. माना जा रहा है कि इन गोल चक्करों के हटने के बाद इन चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हो जाएगी.
GMDA ने बनाई योजना
गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित एआईटी चौक पर गोल चक्कर को तोड़ने की योजना बनाई है. इस गोल चक्कर के आसपास सेक्टर- 53, 54, 55 और 56 पड़ते हैं. GMDA की मोबिलिटी शाखा ने सर्वे में पाया है कि यदि इस गोल चक्कर को तोड़ दिया जाएं, तो गोल्फ कोर्स रोड पर ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रखा जा सकेगा.
अभी इस गोल चक्कर पर वाहन घूमते हैं जिसके चलते वाहनों की स्पीड धीमी हो जाती है और यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. बता दें कि गोल्फ कोर्स रोड एक तरफ दिल्ली- जयपुर (NH-48) हाईवे पर शंकर चौक से जुड़ा है, तो दूसरी तरफ एक्सटेंशन रोड़ से. गुरुग्राम से दिल्ली आवाजाही करने वाले ज्यादातर वाहन चालक इसी सड़क मार्ग का इस्तेमाल करते हैं.
दादी सत्ती चौक से हटेगा गोल चक्कर
इसी तरह IMT मानेसर से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर आने वाली करीब 6 किलोमीटर लंबी सड़क के बीच में दादी सत्ती चौक पर गोल चक्कर बना हुआ है. इस चौक के चारों ओर सेक्टर -84, 85, 88 और 89 पड़ते हैं. पीक आवर्स के दौरान यहां ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. GMDA ने इस चौक पर अस्थायी तौर पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया हुआ है, लेकिन गोल चक्कर होने के चलते वाहनों की स्पीड पर ब्रेक लग जाते हैं. ऐसे में इस गोल चक्कर को भी हटाने की योजना बनाई गई है.
