चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से बोर्ड और कॉर्पोरेशन में तैनात क्लर्क और स्टेनो को बड़ी खुशखबरी दी गई है. सरकार की तरफ से क्लर्क और स्टेनो को सैलरी में बड़ी राहत दी गई है. इसे लेकर सरकार की तरफ से ऑर्डर जारी किया गया है. आर्डर के मुताबिक, क्लर्क और स्टेनों के लिए 21,700 रुपए का पे-बैंड लागू कर दिया गया है. इसे लेकर चीफ फायनेंसर एडवाइजर ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.
क्लर्क और स्टेनो का पे बैंड बढ़ा
पे बैंड रैंक करने के लिए सरकार ने यह निर्णय किया है. इससे पहले क्लर्क-स्टेनो का पे-बैंड 19,900 रुपए था. अब इसमें 1800 रुपए की बढ़ोतरी की गई है. हालांकि, बोर्ड और निगमों में ड्यूटी कर रहें क्लर्क और स्टेनो पे-बैंड 35,400 रुपए करने की मांग उठाते आ रहे हैं. इसको लेकर उन्होंने अपनी पेन डाउन स्ट्राइक भी की हैं. सैनी सरकार ने उनकी मांग को मानते हुए यह इन्क्रीमेंट किया है.
नया वेतन ढांचा लागू करने का आर्डर
दिए गए ऑर्डर के अनुसार राज्य के सभी सरकारी उपक्रमों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से मंजूरी लेकर क्लर्क और स्टेनो वर्ग के कर्मचारियों के लिए नया वेतन ढांचा लागू कर दें. हरियाणा सरकार के वित्त विभाग की ओर से 8 फरवरी और 15 मार्च 2024 को दो पत्र जारी किए है. इन पत्रों में सरकारी कर्मचारियों, विशेषकर क्लर्कों के नए वेतन ढांचे और उनके वेतन निर्धारण के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई है। इन पत्रों की कॉपी भी साथ में संलग्न की गई है.
हर पद के लिए अलग पे बैंड फिक्स
पे-बैंड सरकारी कर्मचारियों के लिए वेतन का एक तय ढांचा है. इसमें न्यूनतम और अधिकतम वेतन सीमा निर्धारित होती है. हर पद के लिए अलग पे-बैंड फिक्स होता है. कर्मचारी की सेवा अवधि और ग्रेड के मुताबिक इस बैंड में वेतन बढ़ोतरी होती रहती है.
