गुरुग्राम | पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को श्रद्धांजलि देते हुए हरियाणा सरकार गुरुग्राम में पार्क और स्मृति केंद्र विकसित करने जा रही है. नगर निगम द्वारा इसके लिए गांव धर्मपुर में करीब 7 एकड़ जगह को चिह्नित किया है. इस जगह पर में बायो- डायवर्सिटी पार्क, लाइब्रेरी और अटल बिहारी वाजपेयी की 100 फीट ऊंची प्रतिमा लगाने की योजना बनाई गई है. बता दें कि साल, 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अटल पार्क विकसित करने और स्मृति केंद्र विकसित करने का ऐलान किया था लेकिन पिछले चार साल से योजना कागजों में लंबित पड़ी हुई थी.
मुख्यमंत्री के आदेश से जागे अधिकारी
हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आदेश जारी किया था कि जो अधिकारी सीएम घोषणाओं को लटका रहें हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. इसके बाद निगम ने अटल पार्क विकसित करने के लिए शुक्रवार रात को ही सलाहकार एजेंसी को नियुक्त करने के लिए टेंडर लगाकर आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं.
पर्यटन स्थल के रूप में होगा विकसित
नगर निगम की योजना के अनुसार, इस पार्क को बायो- डायवर्सिटी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा. इसमें बच्चों के खेलने के लिए कई तरह के उपकरण और पढ़ने के लिए एक लाईब्रेरी का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री स्व श्री अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति के तौर पर 100 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी. निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इस पार्क को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि दूर-दूर से लोग इसे देखने के लिए पहुंचे.
नगर निगम अधिकारी ने बताया कि इस पार्क को विकसित करने के लिए पहले सलाहकार एजेंसी को नियुक्त किया जाएगा. एजेंसी द्वारा निगम अधिकारियों द्वारा बताई योजना के अनुसार इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी. फिर DPR को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा.
राज्य सरकार से DPR की मंजूरी के बाद निजी एजेंसी को इसके निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया की जाएगी. टेंडर प्रक्रिया के दौरान जो भी रेट निजी एजेंसी द्वारा दिए जाएंगे उसकी मंजूरी फिर से सरकार से लेनी होगी. वहां से अनुमति मिलने के बाद निजी एजेंसी द्वारा पार्क को विकसित करने का काम शुरू किया जाएगा.
