जींद में पैरा मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव नहीं चढ़ पाया सिरे, अब बनेगा ट्रामा सेंटर; डीसी ने दी जानकारी

जींद | हरियाणा के जींद जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां हैबतपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की जमीन पर अब ट्रामा सेंटर का निर्माण किया जाएगा. सेक्टर- 9 की इस जमीन पर पहले पैरा मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन पर्याप्त जमीन की उपलब्धता नहीं होने के चलते यह प्रस्ताव सिरे नहीं चढ़ पाया.

Hospital Doctor

पैरा मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव खटाई में पड़ा

जींद डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि पैरा मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए कम- से- कम 30 एकड़ जमीन चाहिए, लेकिन हुड्डा के सेक्टरों में 9 एकड़ जमीन ही उपलब्ध हो पा रही है. दरअसल, पैरा मेडिकल कॉलेज मेडिकल कॉलेज का ही भाग होता है. उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण 24 एकड़ जमीन पर किया जा रहा है.

यहां शैक्षिक और प्रशासनिक भवन, अस्पताल व इनडोर कालेज के साथ महिला व पुरुष स्टूडेंट्स के लिए अलग- अलग हॉस्टल के साथ रेजिडेंट डॉक्टर्स के लिए भी हॉस्टल बनाए जाने हैं.

विधानसभा में हुई थी घोषणा

पैरा मेडिकल कॉलेज जींद के लिए साल 2023 में जींद विधानसभा क्षेत्र से तत्कालीन बीजेपी विधायक डॉ. कृष्ण मिढ्ढा ने हरियाणा विधानसभा सत्र में प्रश्न किया था. तब सरकार की ओर से HSVP सेक्टर में पैरा मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए उत्तर दिया गया था, लेकिन अब यह प्रस्ताव खटाई में पड़ गया है क्योंकि इतनी कम जगह में पैरा मेडिकल कॉलेज नहीं बन सकता है.

यह भी पढ़े -  PM मोदी की हरी झंडी के अगले दिन नहीं चली हाइड्रोजन ट्रेन, जानें नई टाइमिंग

जींद में ट्रामा सेंटर की जरूरत

उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जींद जिले की सीमा से होकर कई हाइवे और एक्सप्रेसवे निकल गए हैं. ऐसे में सड़क हादसे भी हो रहें हैं. जींद में ट्रामा सेंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो इस स्थिति में गंभीर मरीजों को दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ता है. इसलिए जींद में ट्रामा सेंटर बनाने की जरूरत है. हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ्ढा से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पैरा मेडिकल कॉलेज के लिए 30 से 40 एकड़ जमीन तलाश की जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.