गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है. इस प्रोजेक्ट के तहत, मेट्रो स्टेशनों के निर्माण के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी संवारने की तैयारी शुरू हो गई है. कुछ मेट्रो स्टेशनों के आसपास टूरिस्ट स्पॉट और कुछ जगहों पर कम्युनिटी हब बनाने की योजना बनाई गई है. स्टेशनों के साथ फुटपाथ और साइकिल ट्रैक भी बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को यहां आवागमन में कोई परेशानी न हो.
बनेंगे 27 स्टेशन
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत, शहर के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 5 इंटरचेंज स्टेशन बनाए जाएंगे. मिलेनियम सिटी से साइबर सिटी तक 28.50 किलोमीटर लंबे इस रूट पर कुल 27 स्टेशन बनेंगे. इंटरचेंज स्टेशन के तहत, मिलेनियम सिटी, सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, पालम विहार और साइबर सिटी मेट्रो स्टेशन को शामिल किया गया है.
बसई जाने वाले रास्ते पर होगा काम
इस प्रोजेक्ट के अन्तर्गत, बसई मेट्रो स्टेशन के पास प्रमुख पर्यटन स्थल तैयार करने की योजना बनाई गई है. इसके साथ ही, तालाब और अन्य ऐतिहासिक स्थलों को संरक्षित करते हुए इन्हें आकर्षक पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा. बसई के पास वेटलैंड है और यहां कई तरह के पक्षी आते हैं. मेट्रो स्टेशन से यहां तक जाने के रास्ते को हरियाली से सजाने का प्लान है.
कई मेट्रो स्टेशनों को सोशल एवं कम्युनिटी हब के रूप में विकसित किया जाएगा. इन स्टेशनों को ऐसा डिजाइन दिया जाएगा, जो आधुनिकता और सांस्कृतिक महत्व दोनों का प्रतीक बने. स्टेशन यात्रियों के लिए खरीदारी, मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र भी बनेंगे. कम्युनिटी हब को हरियाणवी रंग देने की योजना है. कुछ स्टेशनों पर बनने वाले रेस्तरां आदि में हरियाणवी व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिलेगा.
1 किमी के दायरे की होगी सजावट
मिलेनियम सिटी के पास पहला इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा, जबकि सुभाष चौक और हीरो होंडा चौक पर भी इंटरचेंज स्टेशन तैयार किए जाने हैं. प्रोजेक्ट के तहत, मेट्रो स्टेशन के एक किलोमीटर के दायरे को विकसित करने पर फोकस किया जाएगा.
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) के एक अधिकारी ने बताया कि 13 स्टेशनों के बुनियादी ढांचे का डिजाइन तैयार कर लिया गया है. गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा डिजाइन की समीक्षा की जा रही है और जरूरत के हिसाब से इसमें बदलाव किए जा रहे हैं. निर्माण कार्यों की समय- सीमा निर्धारित कर इसे तेजी से पूरा करने पर जोर दिया जाएगा.
1 मई से शुरू होगा काम
सिस्ट्रा एजेंसी को मेट्रो स्टेशनों के डिजाइन बनाने का काम सौंपा गया है. GMRL की ओर से 1 मई से काम शुरू करने की तारीख तय की गई है. ऐसे में अब काम को शुरू करने के लिए आखिरी रूप दिया जा रहा है, जिसमें इंटरचेंज स्टेशन को लेकर भी डिजाइन तैयार किया जा रहा है. दूसरी मेट्रो लाइन रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक बनाई जानी हैं.
रेलवे स्टेशन से भोंडसी मेट्रो और मिलेनियम सिटी सेंटर पर मिलेगी. सेक्टर- 10 मेट्रो स्टेशन बस स्टैंड के साथ मिलेगी. इसके लिए मेट्रो से लेकर बस टर्मिनल तक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है. पालम विहार मेट्रो स्टेशन पर प्रस्तावित द्वारका सेक्टर- 21 की लाइन के साथ इंटरचेंज बनाया जाएगा.
