हिसार | बसंत पंचमी और चौधरी छोटू राम जयंती के उपलक्ष्य में बाबा शरणा नाथ जी पहला विशाल कुश्ती दंगल 2 फरवरी को निकटवर्ती ग्राम नियाणा के शहीद बलजीत सिंह सहरावत गवर्नमेंट स्कूल में होगा. कार्यक्रम के अनुसार पहला विशाल कुश्ती दंगल लड़कों व लड़कियों का होगा.
पूर्व विधायक व समाजसेवी होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में बरवाला के पूर्व विधायक जोगीराम सिहाग व अनेकों संस्थाओं से जुड़े विश्व हिंदू महासंघ के हरियाणा प्रभारी समाज सेवी हरीश वर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होंगे. इसके अलावा, पवन शर्मा, राजू ठेकेदार, संदीप कालीरमणा, अनिल शर्मा, भाई कृष्ण, सुनील बेरवाल, कर्नल धर्मवीर नेहरा, संजय जागलान, दीपक लोहान, जितेंद्र सहरावत और गांव नियाणा के सरपंच विष्णु दत्त शर्मा व बिंदर सहरावत विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेगें.
पुरस्कार राशि से किया जाएगा पुरस्कृत
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी रोहित नेहरा और मीनू कालीरामण को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया जाएगा. कुश्ती दंगल का आयोजन करवा रहे कोच त्रिलोक शर्मा ने बताया कि युवा पीढ़ी को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है.
युवाओं का खेलों के प्रति रूझान बढ़ें और वे नशे जैसी बुराई से दूर रहें, इसीलिए समय- समय पर ऐसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाना जरूरी हो गया है. सभी मेरे गांव वासियों के सहयोग से खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन होगा.
