हिसार, Haryana Weather Update | हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है. बीते कुछ दिनों से दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही थी, लेकिन सुबह और शाम को हल्का कोहरा बना हुआ था. अब प्रदेश में फिर से मौसम ने करवट ली है और दिनभर आसमान बादलों से ढका रहने लगा है.
मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी के पहले 15 दिनों तक ठंड में बढ़ोतरी होगी, जबकि दूसरे पखवाड़े में ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है. विभाग ने 3 से 5 फरवरी के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है.
तापमान में जारी उतार- चढ़ाव
इससे पहले 1 फरवरी को हरियाणा के आठ जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई थी, लेकिन अधिकांश स्थानों पर सिर्फ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. इस दौरान दक्षिण- पूर्वी हवाओं के चलते वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे कोहरा भी देखने को मिल रहा है. शनिवार को हरियाणा में अलग- अलग जिलों में तापमान में अंतर देखा गया. हिसार का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था. वहीं, सोनीपत का तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक था.
फरवरी में कई बार बदलेगा मौसम
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि इस महीने 5 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे, जिनमें से 2 के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है. 3, 11 और 15 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. दिन और रात के तापमान में उतार- चढ़ाव जारी रहेगा और हल्की बारिश भी हो सकती है. फरवरी के आखिरी दिनों में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड में कमी आ सकती है.
