हिसार | हरियाणा के पहले हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां इंडियन एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों की 3 दिन तक रिहर्सल चलेगी. हिसार एयरपोर्ट पर बने रनवे पर एयरफोर्स का 4- 7 फरवरी तक ट्रैनिंग कार्यक्रम चलेगा.
एमरजेंसी में इस्तेमाल करने की तैयारी
सिरसा एयरफोर्स स्टेशन के ग्रुप कैप्टन रितम कुमार इस रिहर्सल का नेतृत्व करेंगे. करीब 18 पायलट हिसार एयरपोर्ट पर आएंगे और तीन दिन तक रूकेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर इंडियन एयरफोर्स की ओर से हिसार जिला प्रशासन को पत्र लिखकर सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही है.
आज हिसार एयरपोर्ट पर एयरफोर्स के अफसरों के साथ- साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक होगी, जिसमें 3 दिन तक चलने वाले ट्रैनिंग कार्यक्रम को लेकर चर्चा की जाएगी. बताया जा रहा है कि हिसार एयरपोर्ट को भविष्य में आर्मी एमरजेंसी के तौर पर इस्तेमाल कर सकती हैं. हिसार एयरपोर्ट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से सिरसा और अंबाला एयरपोर्ट की दूरी बहुत ज्यादा नहीं है.
डिफेंस को लेकर जांची जाएगी तैयारी
हिसार के सातरोड़ में भारतीय सेना की एक बड़ी छावनी है. ऐसे में इस एयरपोर्ट को सेना अपनी तैयारियों के तौर पर भी देख रही है. सिरसा और अंबाला एयरपोर्ट को बैकअप देने के लिए हिसार एयरपोर्ट पर बनी नई हवाई पट्टी का इस्तेमाल किया जा सकता है. यहां से वायुसेना के पायलट जेट उड़ाकर हिसार से सिरसा और अंबाला के लिए कितना जल्दी पहुंच सकते हैं, इसकी भी संभावनाएं तलाशी जाएंगी.
