हिसार | मिनी खाटू नगरी के नाम से प्रसिद्ध हिसार जिले के हांसी शहर में राजस्थान के खाटूश्याम (Khatu Shyam) की तर्ज पर तोरण द्वार का निर्माण किया गया है. शहर के जींद चौक पर स्थित श्याम मंदिर के पास बनाए गए इस तोरण द्वार पर 50 लाख रूपए की लागत आई है. श्याम भक्तो की मांग पर बनाए गए इस तोरण द्वार का निर्माण कार्य 1 साल में पूरा हुआ है.
राजस्थान से मंगवाया गया था पत्थर
हांसी में बनाए गए करीब 22 फीट ऊंचे तोरणद्वार के निर्माण में राजस्थान के धौलपुर पत्थर का इस्तेमाल किया गया है. तोरण द्वार के ऊपर बड़े-बड़े अक्षरों में श्री श्याम देवाय नमः लिखा गया है और रंग- बिरंगी लाइटें इसकी खूबसूरती में चार- चांद लगा रही है. श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया कि हांसी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक विनोद भयाणा आज श्री श्याम तोरण द्वार का उद्घाटन करेंगे. उन्होंने बताया कि आसपास के क्षेत्र में इस तरह का पहला तोरण द्वार बनाया गया है.
लक्ष्मी श्रृंगार की विदेशों तक चर्चा
मिनी खाटू नगरी के नाम से प्रसिद्ध हांसी में हर साल श्याम बाबा का बड़ा आयोजन होता है, जिसमें देशभर से लोग पहुंचते हैं. श्री श्याम बाबा, हांसी के वार्षिक महोत्सव में लक्ष्मी श्रृंगार की चर्चा देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक होती है. लाखों रूपए की नोट माला से बाबा श्याम का श्रृंगार किया जाता है.
50 लाख के नोटों की पहनाई थी माला
विश्वकर्मा चौक स्थित श्री श्याम बाबा मंदिर के 52वें वार्षिक महोत्सव में 50 लाख रूपए के नोटों से श्याम बाबा का दरबार सजाया गया था. बाबा पर इतना चढ़ावा आया था कि माला से बाहर भी नोटों की गड्डियां रखनी पड़ी थी. मंदिर कमेटी ने दावा करते हुए कहा था कि आज से पहले हरियाणा में श्याम बाबा का इतना भव्य श्रृंगार कही नहीं हुआ है. इसलिए भत्तों की आस्था को देखते हुए राजस्थान के खाटूश्याम की तर्ज पर हांसी में भी तोरण द्वार बनाया गया है.
