चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार के आदेश पर तबादला एक्सप्रेस चली है. 12 IAS और 67 HCS अधिकारियों के अलावा 11 IPS का ट्रांसफर हुआ है. यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे. खास बात यह है कि उर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज की नाराज़गी के बाद अंबाला की एएसपी श्रृष्टि गुप्ता और HCS अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहरावत का भी ट्रांसफर कर दिया गया है.
वीरेंद्र सहरावत को अंबाला से हटाकर एडिशनल लेबर कमिश्नर और हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड का सचिव नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट कमिश्नर सीजी रजनीकांत का भी ट्रांसफर हुआ है. उनकी जगह पर दुष्यंत बेहरा को जगह दी गई है. अनिल विज ने आरोप लगाते हुए कहा था कि अंबाला विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ अधिकारियों ने उन्हें हराने की साज़िश रची थी.
इस वजह से हुएं ट्रांसफर
अनिल विज ने जब इस संबंध में सरकार को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा था लेकिन जब 100 दिन बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने सीएम नायब सैनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. वहीं, इस ट्रांसफर लिस्ट में राज्यसभा सांसद किरण चौधरी का फोन नही उठाने वाले बाढ़डा एसडीएम सुरेश कुमार का भी नाम है. उनका रतिया ट्रांसफर कर दिया गया है. उनकी जगह पर जगदीश चंद्र बाढ़डा के नए एसडीएम होंगे.
2007 बैच के आईपीएस पंकज नैन और पावरफुल हो गए हैं. उन्हें प्रमोशन पर सीएमओ का विशेष अधिकारी नियुक्त किया गया है. पहले वे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के भी विशेष अधिकारी रह चुके हैं. अब सीएम नायब सिंह सैनी के सीएमओ में भी नैन की एंट्री हो गई है. हरियाणा सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों को अधिक कुशल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है.
