भिवानी | उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित हो रहे महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुगम बनाने की दिशा में रोडवेज विभाग निरंतर प्रयासरत हैं. इसी कड़ी में प्रदेश के लगभग सभी जिला मुख्यालयों से रोडवेज बसों का संचालन शुरू करने के निर्देश परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा जारी किए गए हैं. इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए अब भिवानी रोडवेज डिपो ने भी प्रयागराज महाकुंभ मेले के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखा दी है. भिवानी से बीजेपी विधायक घनश्याम सर्राफ ने इस बस सेवा की शुरुआत करते हुए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंगलमय यात्रा की कामना की.
ये रहेगा शेड्यूल
भिवानी रोडवेज डिपो के जीएम ने बताया कि यह बस रोजाना बस स्टैंड से दोपहर 01:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह साढ़े 7 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. उसी दिन यह बस दोपहर साढ़े 3 बजे वापस भिवानी के लिए रवाना होगी यानि श्रद्धालु आराम से संगम स्नान कर वापस इसी बस से घर लौट सकते हैं. इस बस का संचालन 26 फ़रवरी तक जारी रहेगा.
यातायात प्रबंधक भरतसिंह परमार ने बताया कि इस बस में प्रति व्यक्ति किराया 1120 रूपए रहेगा. दोनों तरफ का किराया 2240 रूपए प्रति सवारी रहेगा. यह बस भिवानी से रवाना होकर 18 घंटे में प्रयागराज पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं को जहां स्नान स्थल है, वहां तक छोड़ने का प्रयास किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए बस का रास्ते में ठहराव किया जाएगा जहां यात्री चाय-नाश्ता, विश्राम आदि कर सकेंगे.
यात्री महाकुंभ स्नान के लिए जाते समय ड्राइवर- कंडक्टर को बता कर जाएं. उनके मोबाइल पर अपनी लोकेशन भी डाल दें ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न आए. जहां बस खड़ी की गई है वहीं पर वापस आ जाएं. बस की वापसी का समय दोपहर बाद 3:30 बजे का निर्धारित किया गया है. इस अवधि में स्नान करके वापस समय पर आ जाएं.
