हरियाणा में मौसम ने बदला रंग, दिन में खिली धूप से बढ़ा तापमान; क्या फरवरी में होगी बारिश

चंडीगढ़ | हरियाणा में बीते कुछ दिनों से दिन के समय तेज धूप निकल रही है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है. रविवार को भी कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप देखी गई, जिससे ठंड का असर कम होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज मिला- जुला रहेगा. अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना न के बराबर है. इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा.

weather mausam dhup

आज भी खिली रहेगी धूप

रविवार को कुरुक्षेत्र में मौसम पूरी तरह साफ नजर आ रहा है. अनुमान है कि पूरे दिन धूप खिली रहेगी. हालांकि सुबह और शाम ठंड का हल्का असर देखने को मिल सकता है. शनिवार को यहां 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और अधिकतम तापमान 22 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भिवानी में भी रविवार सुबह साफ मौसम रहा. यहां हल्की शीत लहर महसूस की गई, लेकिन उसकी रफ्तार धीमी रही.

यहां आज दिन में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है. शनिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी के अंत तक गर्मी का एहसास और ज्यादा होने लगेगा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा रोडवेज बसों में मुफ्त सफर के लिए मिलने लगे हैप्पी कार्ड, बस करना होगा यह छोटा सा काम

कम बारिश से प्रभावित हो सकती है फसल

आमतौर पर जनवरी और फरवरी सर्दी के मौसम में बारिश के लिए उपयुक्त माने जाते हैं, लेकिन इस बार जनवरी में 38% कम बारिश हुई है और फरवरी में भी बारिश की संभावना नहीं दिख रही है. इसका असर मौसम के साथ- साथ फसलों पर भी पड़ रहा है. तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. गेहूं की फसल के लिए 15 से 16 डिग्री तापमान सामान्य माना जाता है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की कमी और कम बारिश के कारण यह तापमान बॉर्डर लाइन तक पहुंच चुका है.

बरसात की संभावना कम

अगर तापमान 17 डिग्री से अधिक हो जाता है, तो गेहूं की फसल की वृद्धि और उत्पादन पर असर पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अब अगर बारिश होती भी है, तो भी इस कमी को पूरा करना मुश्किल होगा. फरवरी के पहले पखवाड़े में भी बारिश की संभावना काफी कम है और लंबे समय तक शुष्क मौसम बने रहने के संकेत हैं.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts