स्पोर्ट्स डेस्क | इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़े- बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके इंडियन क्रिकेट टीम के टॉप आलराउंडर खिलाड़ियों में शुमार रविन्द्र जडेजा एक बार फिर सुर्खियों में बने हुए हैं. कटक में इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे में स्टार आलराउंडर रविन्द्र जडेजा ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
मात्र 73 सेकंड में डाला ओवर
इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की. इस दौरान इंग्लैंड की पारी का 24 ओवर लेकर आए रविन्द्र जडेजा ने अपने इस ओवर को 1 मिनट, 13 सेकंड में पूरा किया, यानि 73 सेकंड में ओवर फेंक दिया. जो इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरा सबसे कम समय में डाला गया ओवर बन गया है.
इससे पहले भी रविन्द्र जडेजा सबसे कम समय में ओवर फेंकने का रिकॉर्ड बना चुके हैं. उन्होंने सितंबर 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में मात्र 64 सेकंड में ओवर फेंक कर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेजी से ओवर पूरा करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था. इस ओवर को पूरा करने में उन्होंने 1 मिनट 04 सेकंड का समय लिया था. इंटरनेशनल क्रिकेट में रविन्द्र जडेजा का आज तक यह रिकॉर्ड बरकरार है.
35 सेकंड में पूरा किया था ओवर
ओवर आल क्रिकेट की बात करें तो सबसे कम समय में ओवर फेंकने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के गेंदबाज यूनिस खान के नाम है. उन्होंने मात्र 35 सेकंड में ओवर पूरा किया था. यानि एक मिनट से भी कम समय लिया था. यूनिस खान ने ये रिकॉर्ड काउंटी चैंपियनशिप के दौरान फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हासिल किया था. जून 2007 में यॉर्कशायर की ओर से ससैक्स के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने ये उपलब्धि हासिल की थी.
