चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 239 करोड़ 35 लाख रुपए की राशि को मंजूरी प्रदान कर दी है. नारायणगढ़, सढ़ोरा और आदमपुर निर्वाचन क्षेत्र की सड़कों, चरखी दादरी जिले के पातूवास गांव में जल कार्यों, करनाल जिले के घोगरीपुर में कैथल रोड से मुनक रोड तक वेस्टर्न बाईपास के निर्माण और पानीपत- सफीदों- जींद सड़क के विकास कामों के लिए मुख्यमंत्री ने स्वीकृति प्रदान की है.
इन परियोजनाओं को मिली मंजूरी
इसी प्रकार, एससीएसपी योजना के तहत यमुनानगर जिले के सढ़ोरा निर्वाचन क्षेत्र और अंबाला जिले के नारायणगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में 12 अलग- अलग सड़कों के निर्माण के लिए करोड़ 9,03,18,000 की राशि को मंजूरी प्रदान की गई है. करनाल जिले के घोगरीपुर में कैथल रोड से मुनक रोड तक 6.180 से 11.100 किलोमीटर तक वेस्टर्न बाईपास के निर्माण के लिए 37.36 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है. वहीं, पानीपत-सफीदों-जींद सड़क पर पानीपत से सफीदों तक 4 लेन और सफीदों से जींद तक 10 मीटर चौड़ा करने के लिए 184.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है.
पातूवास में जल आपूर्ति के लिए 4.05 करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण जल आपूर्ति संवर्धन कार्यक्रम के तहत चरखी दादरी जिले के पातूवास गांव में जल परियोजनाओं के लिए 4.05 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. इसी प्रकार, हिसार जिले के आदमपुर निर्वाचन क्षेत्र में चार सड़कों की विशेष मरम्मत और सुधार कार्यों के लिए 4.45 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है.
यहाँ बनेंगे साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन
राज्य में साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने सोनीपत जिले में पूर्वी गोहाना जोन और झज्जर जिले में बहादुरगढ़ जोन में नए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशनों के निर्माण को मंजूरी दी है. इन साइबर पुलिस स्टेशनों में विभिन्न पदों जैसे इंस्पेक्टर, एसआई, एएसआई, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, सिस्टम विश्लेषक, डेटा विश्लेषक, रसोइया, डब्ल्यू/सी और स्वीपर को स्वीकृति दी गई है. इन पदों के वेतन और अन्य खर्चों के लिए राज्य सरकार पर हर साल 8.89 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा.
