चंडीगढ़ | देशभर में केंद्रीय बजट पेश होने के बाद अब हरियाणा सरकार (Haryana Govt) भी अपना बजट पेश करने की तैयारी में है. 7 मार्च से हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा. राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की गई है. बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार की आगामी योजनाओं और नीतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी.
बजट से हैं यह उम्मीदें
हरियाणा को कृषि प्रधान राज्य माना जाता है, ऐसे में किसान प्रदेश सरकार के बजट से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं. युवाओं को भी रोजगार संबंधी योजनाओं को लेकर आशाएं हैं. भाजपा सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत हर महीने ₹2100 देने का वादा किया था. ऐसे में उम्मीद है कि बजट में इस योजना से जुड़ी कोई बड़ी घोषणा हो सकती है.
महिलाओं को बजट में मिलेगी खुशखबरी
इस योजना के तहत, उन महिलाओं को शामिल किया जाएगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय ₹1,80,000 से कम है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार इस बजट में महिलाओं को ₹2,100 प्रति माह देने के अपने वादे को पूरा कर सकती है. 23 जनवरी को कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने इस योजना को बजट में शामिल करने की बात कही थी. उन्होंने स्पष्ट किया था कि सरकार अपने घोषणा पत्र के सभी वादों को पूरा करेगी. ऐसे में इस बार के बजट में सरकारी योजनाओं का विस्तार किया जा सकता है.
