पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला में स्थित ITI में अब जल्द ही उन्नत प्लंबिंग लैब की स्थापना की जाएगी. इसके जरिये युवाओं को आधुनिक तकनीकों के बारे में व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. ऐसा होने पर युवाओं के तकनीकी कौशल में सुधार होगा ही और साथ ही रोजगार के ज्यादातर मौके भी मिल पाएंगे.
जैक्वार फाउंडेशन के साथ हुआ एमओयू
यह जानकारी कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के निदेशक कैप्टन मनोज कुमार द्वारा दी गयी है. उन्होंने बताया कि इस एडवांस प्लंबिंग लैब को स्थापित करने के लिए जैक्वार फाउंडेशन के साथ एमओयू साइन हो चुका है. कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के निदेशक कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि यह आधुनिक प्लंबिंग लैब जैक्वार फाउंडेशन की तकनीकी सहायता से संचालित होगी.
विभिन्न प्रकार के कौशल में दक्ष हो सकेंगे विद्यार्थी
इससे छात्रों को नई प्लंबिंग तकनीकों, अत्याधुनिक उपकरणों और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग की सुविधाएं मिलेगी. उन्होंने कहा कि इस प्रयोगशाला के जरिये प्रशिक्षु विभिन्न प्रकार की प्लंबिंग प्रणालियों, पाइप फिटिंग तकनीकों, वाटर सप्लाई मैनेजमेंट और अन्य जरूरी कौशल में दक्ष हो सकेंगे. कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा सरकार के 166 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान 242 निजी आईटीआई नेटवर्क के जरिये राज्य के बेरोजगार युवाओं को कौशल आधारित ट्रेनिंग दे रहा है.
विद्यार्थियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी यह पहल
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पंचकूला की प्राचार्या गीता आर सिंह का कहना है कि उन्नत प्लंबिंग लैब की स्थापना हरियाणा सरकार और जैक्वार फाउंडेशन की संयुक्त पहल विद्यार्थियों के लिए लाभदायक रहेंगी. इससे जिले में तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण की दिशा में तेजी से काम होगा.
