चंडीगढ़, Haryana Weather Update | फरवरी की शुरुआत से ही हरियाणा का मौसम लगातार बदल रहा है. कभी गर्मी का एहसास हो रहा है, तो कभी शीतलहर के कारण ठंड महसूस की जा रही है. लोगों को समझ नहीं आ रहा कि सर्दियों के कपड़े संभालकर रखें या पैक कर दें. मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. आने वाले दिनों में फिर से ठंड महसूस हो सकती है.
हल्की बरसात की बनी संभावना
2 दिन पहले तक जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था. वहीं, अब यह 25 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है. कुछ जिलों में तापमान इससे भी कम है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, आज रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 15 और 16 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है और बादल छाए रहेंगे.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी. 15, 19 और 24 फरवरी को एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे पूरे प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. तापमान में उतार- चढ़ाव बना रहेगा. रोहतक में तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो कि प्रदेश में सबसे अधिक है. न्यूनतम तापमान में भी कुछ गिरावट देखी गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान तापमान फसलों के लिए अनुकूल है, जिससे इस बार अच्छी पैदावार होने की संभावना है.
