पंचकूला के सेक्टर 32 में बनेगा HSSC का नया ऑफिस, CM सैनी ने दी मंजूरी

पंचकूला | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को अपना नया ऑफिस मिलने वाला है. वर्ष 2026 में HSSC के नए भवन का निर्माण किया जाएगा. नए भवन के लिए जमीन को सीएम नायब सिंह सैनी की तरफ से भी मंजूरी प्रदान कर दी गयी है. यह भवन पंचकूला के सेक्टर- 32 में बनेगा. एचएसवीपी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के नए भवन के लिए जमीन उपलब्ध करवाएगा.

HSSC Panchkula

दूर से आने वालों के लिए होगी बैठने की सुविधा

एक एकड़ जमीन में बनने वाले भवन का डिज़ाइन भी जल्द तैयार होगा. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग तैयारी कर रहा है कि एक एकड़ में ऐसा भवन बनाया जाए, जिसमें सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध हो. दूर- दराज से आने वाले लोगों के बैठने की व्यवस्था भी होगी. आयोग के चेयरमैन या फिर सदस्य उनकी बात सुन सकेंगे, ताकि वक़्त पर किसी भी समस्या का हल किया जा सके.

आयोग के चेयरमैन एडवोकेट हिम्मत सिंह का कहना है कि अब आयोग का भवन नया होगा. इसके लिए जितनी जगह की जरुरत थी, वह भी मिल जाएगी. काफी संभावना है कि सालभर में इस भवन का निर्माण कर आयोग का ऑफिस सेक्टर- 32 में शिफ्ट कर दिया जाएगा.

यूपीएससी ऑफिस के समान मिलेंगी सुविधाएं

अधिकारियों के मुताबिक जिस प्रकार से यूपीएससी के ऑफिस में सुविधाएं मिलती हैं, उसी तर्ज पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के ऑफिस में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी. आयोग में जितने भी काम बंटे हुए हैं, उनके लिए अलग-अलग रूम होंगे. सीक्रेसी ब्रांच भी एक अलग से मंजिल पर मौजूद होगी. खास बात ये है कि पूरे ऑफिस में सीसीटीवी लगाए जाएंगे ताकि हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा सके कार्यालय में आने-जाने का समय नोट किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  पंचकूला की मशहूर पंचम पूड़ी के दीवाने हुए लोग, 20 साल से बरकरार है जादू; ऑनलाइन ऑर्डर में भी जबरदस्त डिमांड

हर काम के लिए होगी विंडो

जो भी व्यक्ति काम के लिए नए ऑफिस में आएगा, उसके लिए हर कार्य की अलग से विंडो बनेगी. यहाँ पर कर्मचारी बैठेंगे. ये कर्मचारी हर समस्या को नोट करेंगे, जैसे कितने बजे उनको शिकायत मिली, शिकायत के समाधान के लिए कितना समय लगा. अगर पेंडिंग है, तो इसकी सूचना भी आयोग के बड़े अफसरों के साथ शिकायतकर्ता को देनी होगी.

आयोग द्वारा जल्द ही लॉन्च किया जाएगा पोर्टल

युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के लिए आयोग की ओर से पोर्टल तैयार कर लिया गया है. इसी पोर्टल पर कहीं से भी युवा परेशानी भेज सकते हैं. इतना ही नहीं यदि किसी कर्मचारी ने काम में देरी की तो कार्रवाई भी होगी. पोर्टल को जल्द लांच करने की तैयारी भी चल रही है.

 2 लाख भर्तियों का हो चुका ऐलान

राज्य सरकार ने पिछले दिनों ही 2 लाख पदों पर 5 साल में भर्तियां की घोषणा की है. इनमें से 25 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती हो चुकी है. अन्य पदों को लेकर भी सरकार ने विभागों से डिटेल मांगी थी. जानकारी मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

Avatar of Deepika Bhardwaj
Deepika Bhardwaj
View all posts

मेरा नाम दीपिका भारद्वाज है. पिछले साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar वेबसाइट पर राइटर का काम कर रही हूँ. मैं यहाँ हरियाणा व दिल्ली में निकली सरकारी और प्राइवेट नौकरी से जुड़ी जानकारी साझा कर रही हूँ.