जींद | हरियाणा के जींद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां उचाना उपमंडल के गांव खरक भूरा में एक नीम के पेड़ से पिछले 20 दिनों से पानी जैसा पदार्थ रिस रहा है. वहीं, कल से अचानक दूध जैसा सफेद तरल पदार्थ रिस रहा है. कुछ लोगों ने इसे चखते हुए दूध बताया. वहीं, कुछ लोग बर्तन में इक्कठा कर इस सफेद तरल पदार्थ को घर ले जा रहे हैं.

नीम के पेड़ से निकल रहा सफेद तरल पदार्थ लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे है. लोगों ने बताया कि नीम कड़वा होता है, लेकिन इससे निकल रहा सफेद तरल पदार्थ मीठा हैं.
पहले 20 दिन निकला पानी
गांव के कुछ युवकों ने बताया कि पौड़ी वाले जोहड़ के पास एक नीम का पेड़ है, जो 20 साल से भी ज्यादा पुराना हैं. इस पेड़ से करीब 20 दिन पहले पानी गिरना शुरू हुआ था. सोमवार को इस पेड़ से पानी की जगह सफेद दूध की तरह का तरल पदार्थ निकलना शुरू हो गया, जिससे लोगों में काफी जिज्ञासा हो गई है. लोगों के बीच यह पेड़ कौतूहल का विषय बना हुआ है कि आखिर ये कैसे हो रहा है.
जूलॉजी डिपॉर्टमेंट ने क्या कहा?
इस मामले को लेकर जूलॉजी डिपॉर्टमेंट के सीआरएसयू डॉक्टर दीपक से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि पेड़ में यह बहुत ही सामान्य प्रक्रिया होती है. कई बार किसी रसायन का संपर्क मिलने से पेड़ में ऐसी प्रतिक्रिया होती है, जो पेड़ के स्वास्थ्य के लिए अच्छी नहीं होती है.
इससे फंगल संक्रमण या अन्य रसायनिक प्रतिक्रिया होती हैं और पेड़ खुद को अस्वस्थ महसूस करता है. इस प्रकिया में पेड़ तरल पदार्थ निकाल कर इस प्रकार के संक्रमण को बाहर निकालता है. कई बार यह प्रकिया लंबे समय तक भी चल जाती है. इस तरह पेड़ से निकलते हुए किसी भी तरल पदार्थ का सेवन नहीं करना चाहिए. यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है.