नई दिल्ली | दिल्ली- NCR में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है. एक तरफ दिन में तेज धूप और हल्की गर्मी महसूस हो रही है, तो वहीं रात के समय तापमान बढ़ने से घरों में पंखे चलने लगे हैं. इस उतार- चढ़ाव के बीच लोग असमंजस में हैं कि क्या सर्दी अब पूरी तरह विदा हो गई है या फिर मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है.
मौसम विभाग ने दी जानकारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम पूर्वानुमान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर आरके जेनामणि ने जानकारी दी कि वर्तमान में दिल्ली- एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. खासतौर पर दिन के तापमान में इजाफा हुआ है. शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
27 फरवरी से फिर लौटेगी ठंड
डॉ. जेनामणि ने बताया कि यह उतार- चढ़ाव 26 फरवरी तक जारी रहेगा. बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और धूप के साथ हल्की ठंड भी महसूस होगी. इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. इसके बाद, 27 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे सुबह के समय गरज- चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. साथ ही, 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी. इस बारिश के कारण तापमान में फिर से गिरावट होगी और ऐसा माना जा सकता है कि जाते- जाते सर्दी फिर से लोगों को हल्की ठंड का एहसास करा कर जाएगी.
