जींद से भ्रष्टाचार का बड़ा मामला, 20 करोड़ से निर्माणाधीन अंडरपास धंसने से घरों में कैद हुए लोग

जींद | हरियाणा के जींद से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां दिल्ली- भटिंडा रेलवे लाइन क्रॉसिंग पर 20 करोड़ रूपए की लागत से निर्माणधीन अंडरपास धंसने से लोगों में हड़कंप मच गया. पास से गुजरने वाला नाला और सड़क भी इसकी चपेट में आ गए. इससे अंडरपास से सटे तीन मकानों का रास्ता बंद हो गया है और उनकी नींव पर भी खतरा मंडरा रहा है.

Jind Underpass

मानकों के अनुसार नहीं हो रहा था निर्माण

शनिवार की शाम हुए इस हादसे के बाद आज चंडीगढ़ से तकनीकी टीम इसकी जांच करने पहुंचेगी. हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिज कॉरपोरेशन (HSRDC) के डीजीएम का कहना है कि बारिश की वजह से हादसा हुआ है. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला निर्माण के दौरान मानकों का पालन नहीं किया गया है.

लोगों ने कहा कि यहां पर नाले के निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. नियमानुसार जितनी निर्माण सामग्री इस्तेमाल होनी चाहिए थी, उतनी नहीं हुई है. सीमेंट कांक्रीट की जितनी लेयर होनी चाहिए थी, वो नहीं हैं. नाले के निचले हिस्से का सही तरीके से जमाव नहीं किया गया है. इसी वजह से नाला धंस गया और मिट्टी खिसक गई.

घरों में कैद हुए लोग

नींव तक मिट्टी धंसने और मकान में दरार आने से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. नाले के मलबे में अंडरपास के लिए बनाई गई दीवार भी ढह गई है. वहीं, घर के आगे 20 फीट गहरी खाई बनने से लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं. कुछ को सीढ़ी लगाकर बाहर निकालना पड़ा. हालांकि, इन तीनों घरों में पशु भी है, जो बाहर ही नहीं निकल पा रहे हैं.

यह भी पढ़े -  जींद के उचाना में नए स्वास्थ्य केंद्र का रास्ता साफ, PWD ने जारी किया टेंडर

लोगों ने इस मामले की जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है. उन्होंने डीसी से भी इस मामले पर संज्ञान लेते हुए घटनास्थल पर आने की अपील की है. जींद से बीजेपी विधायक डॉ. कृष्ण मिढ्ढा ने कहा कि इस मामले को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.