चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आधा घंटा मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को हरियाणा आने का निमंत्रण दिया. ऐसी जानकारियां सामने आ रही हैं कि CM सैनी प्रधानमंत्री से प्रदेश की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करवाना चाहते हैं.

यह परियोजनाएं तैयार
हिसार और अंबाला कैंट हवाई अड्डा लगभग तैयार हो चुका है. इनके उद्घाटन के लिए भी CM सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी से समय मांगा है. हालांकि, अभी तक इन दोनों हवाई अड्डों के उद्घाटन की तारीखों की जानकारी नहीं मिल पाई है. दूसरी तरफ, सोनीपत जिले की खरखोदा स्थित आईएमटी में मारुति के प्लांट का पहला चरण पूरा हो चुका है. यहां गाड़ियों का उत्पादन भी शुरू हो चुका है. CM सैनी इस प्लांट का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी के हाथों करवाना चाहते हैं.
पीएम आ सकते हैं हरियाणा
ऐसा माना जा रहा है कि हरियाणा विधानसभा के 7 मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र के दौरान कभी भी प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा आ सकते हैं. बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनसे प्रदेश में संचालित हो रही विभिन्न परियोजनाओं से अवगत कराया. वहीं, आगामी समय में होने वाले शहरी निकाय चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की भी जानकारी दी.