HBSE: 10वीं- 12वीं परीक्षा में नकल रोकने को तैनात किए गए कमांडो, झाड़ियां में घुसकर दबोचे जा रहे नकलची

नूंह | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा प्रदेश में 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा संपन्न कराई जा रही है. इसी क्रम में आज 5 मार्च को 10वीं और 12वीं दोनों की परीक्षा है. इसे लेकर बोर्ड और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है. हाल ही के दिनों में पेपर आउट की खबरें आने से अब बोर्ड और ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है. इसी कारण शिक्षा बोर्ड द्वारा नूंह में परीक्षा केंद्रों के बाहर कमांडो के जवान तैनात कर दिए गए हैं.

BSEH Haryana Board

नकल रोकने को किए कड़े इंतजाम

परीक्षा केंद्र के आसपास का 500 मीटर का दायरा खाली कराकर बैरिकेड लगा दिए गए हैं. भिवानी में एग्जाम सेंटर में एंट्री से पहले बच्चों की तलाशी ली जा रही है. वहीं, सोनीपत में नकल पर नकेल कसने के लिए विद्यार्थियों के जूते तक उतरवा दिए गए. यहां पुलिस झाड़ियों में घुसकर नकलचियों को ढूंढती नजर आई. परीक्षा के दौरान छात्राओं की नकल रोकने या किसी महिला की नकल करवाने की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस की तैनाती भी की गई है.

2.1 लाख से ज्यादा की आज परीक्षा

गोहाना में पुलिस नकल रोकने के लिए छतों पर चढ़ी नजर आई. उधर, नूंह में कमांडो के जवानों द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास के घरों की भी जांच की जा रही है. आज दसवीं कक्षा का संस्कृत, उर्दू, ड्राइंग, कृषि, कंप्यूटर साइंस, शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा, गृह विज्ञान, संगीत हिंदुस्तानी, पशुपालन और नृत्य विषयों की परीक्षा है. वहीं, 12वीं की कृषि और फिलॉस्फी की परीक्षा है. कुल मिलाकर दोनों ही कक्षाओं के 2.1 लाख से ज्यादा विद्यार्थी आज परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं.

यह भी पढ़े -  दिल्ली के द्वारका में बनेगा अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज, 800 करोड़ से मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

पेपर लीक के मामलों के बाद बढ़ाई गई सख्ती

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 27 फरवरी को 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर नूंह में आउट हो गया था. इसके बाद, बोर्ड द्वारा इन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा को रद्द कर दिया गया था. वहीं, नकल करने और करवाने वालों पर कार्रवाई की गई थी. 28 फरवरी को दसवीं का मैथ का पेपर भी झज्जर और नूंह से आउट हो गया.

बोर्ड द्वारा दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा को रद्द करके शामिल लोगों पर कार्रवाई की थी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा एग्जाम ड्यूटी वाले चार डीएसपी समेत 32 अधिकारियों को भी सस्पेंड किया जा चुका है. शिक्षा बोर्ड के सचिव अजय चोपड़ा को हटाकर मुनीश नागपाल को जिम्मा सौंपा गया है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts