हरियाणा में महिला कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मुख्यमंत्री ने की 3 बड़ी घोषणाएं

पंचकूला | अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा के पंचकूला में राज्यस्तरीय महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी (CM Nayab Singh Saini) बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे. इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में वहां की महिलाओं का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है.

Nayab Singh Saini

महिला कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो परिवार, समाज और देश सब आगे बढ़ते हैं. उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास और गर्व है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत में अगर किसी का सबसे बड़ा योगदान होगा, तो वो इस देश की माताओं- बहनों और बेटियों का होगा.

मुख्यमंत्री ने महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महिला कल्याण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की. उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के कार्यालयों में नियमित महिला सरकारी कर्मचारियों को अब प्रतिवर्ष 20 की बजाय 25 छुट्टियां मिलेंगी.

इसी प्रकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) में काम कर रही महिला कर्मियों को प्रतिवर्ष 10 छुट्टियां मिलती थी, लेकिन अब इन वार्षिक अवकाश के अलावा महिला कर्मचारियों को प्रतिमाह एक अतिरिक्त छुट्टी दी जाएगी. इस तरह इन महिला कर्मचारियों को अब साल में 10 की बजाय 22 छुट्टियों का लाभ मिलेगा.

ब्याज मुक्त ऋण की घोषणा

हरियाणा सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा. इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश में 44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास किया. इसके साथ ही, उन्होंने घरेलू हिंसा शिकायत पंजीकरण और निगरानी के लिए पोर्टल, आपकी बेटी- हमारी बेटी के लिए एमआईएस पोर्टल और एसएनपी मांग और आपूर्ति पोर्टल का भी शुभारंभ किया.

यह भी पढ़े -  पंचकूला में होने वाला HVPNL प्रशिक्षण कार्यक्रम रद्द, नई तारीखों का इंतजार
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.