चंडीगढ़ | हरियाणा में हैप्पी कार्ड (Haryana Happy Card) धारकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार ने इन लोगों को खास सुविधा प्रदान की है. अब लोग फोन की तरह अपने हैप्पी कार्ड को रिचार्ज करवा सकेंगे. सरकार ने इसके लिए AU बैंक ऑथराइज्ड किया है. इस बैंक से हैप्पी कार्ड धारक 100 रुपये से अपनी मनमर्जी तक रिचार्ज करवा सकेंगे.
रिचार्ज करवाने पर मिलेगा फायदा
रिचार्ज करवाने पर हैप्पी कार्ड धारकों को सफर में टिकट के लिए पैसे रखने के झंझट से मुक्ति मिलेगी. साथ ही, भविष्य में उनको सरकार की ओर से टिकट में रियायत मिलने की संभावना रहेगी. वहीं, कंडक्टरों को भी इसका फायदा पहुंचेगा. उनकी खुल्ले पैसे के लिए होने वाली परेशानी खत्म हो जाएगी.
इन्हें मिलता है लाभ
हरियाणा में 1 लाख 80 हजार रूपए सालाना आमदनी वाले परिवारों को हैप्पी कार्ड योजना का लाभ मिलता है. जून 2024 में सूबे की नायब सैनी सरकार ने इस योजना का शुभारंभ किया था. इसके तहत, हैप्पी कार्ड धारकों को रोडवेज बसों में प्रति वर्ष 1 हजार किमी तक मुफ्त सफर का लाभ मिलता है.
हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में सफर के दौरान यात्री इस कार्ड पर सफर का लाभ उठा सकते हैं. यात्री को सफर के दौरान कंडक्टर को अपना हैप्पी कार्ड दिखाना होगा. ध्यान रहे कि हैप्पी कार्ड पर यात्रा के दौरान लोगों को अपना आधार कार्ड साथ रखना होगा.
