फरीदाबाद | हरियाणा सरकार की तरफ से गरीब बच्चों के लिए एक योजना शुरू की गई है. इस योजना का नाम चिराग योजना (Chirag Yojana) है. इस योजना के तहत, जिले के प्राइवेट स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चे एडमिशन ले सकते है. दाखिला लेने के लिए 15 से 31 मार्च तक ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन किये जा सकते हैं. एक से 15 अप्रैल तक बच्चों को मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों में दाखिला दिया जाएगा.
पांचवी से बारहवीं कक्षा तक लिया जा सकता है दाखिला
इस स्कीम के तहत, निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाता है. इस योजना का लाभ उठाकर जो बच्चे आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है, वह भी प्राइवेट स्कूल में पढ़ाई कर पाएंगे. चिराग योजना के तहत, 5वीं से 12वीं कक्षा के छात्र निजी स्कूलों में एडमिशन ले सकते हैं.
31 मार्च तक होंगे आवेदन
मौलिक शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी कर चिराग (मुख्यमंत्री हरियाणा समान शिक्षा राहत, सहायता एवं अनुदान) योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किये हैं. जो भी अभिभावक इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं वह 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं. एक लाख 80 हजार या इससे कम परिवार की वार्षिक आय वाले बच्चों को योजना के तहत प्राथमिकता दी जाएगी.
लिस्ट के आधार पर अप्लाई कर पाएंगे अभिभावक
चिराग योजना के तहत प्राइवेट विद्यालयों में दाखिला पाने वाले विद्यार्थियों की फीस सहित अन्य खर्चों का भुगतान सरकार द्वारा किया जाता है. चिराग योजना के तहत दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र जरूरी है. शिक्षा निदेशालय ने मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को खाली सीटों की सूची सार्वजनिक करने के आदेश जारी किये है. सभी अभिभावक लिस्ट के आधार पर आवेदन कर पाएंगे.
15 अप्रैल तक चलेगी दाखिला प्रक्रिया
जिन स्कूलों में सीटें ज्यादा नहीं है और विद्यार्थियों की संख्या अधिक होगी, वहाँ अभिभावकों के सामने 1 से 5 अप्रैल तक ड्रा निकाले जाएंगे. 15 अप्रैल तक दाखिला प्रक्रिया जारी रहेंगी. निजी स्कूलों को एडमिशन की रिपोर्ट और विद्यार्थियों की संख्या जिला शिक्षा कार्यालय में भेजनी होगी. ऐसे में अगर आप भी आर्थिक रूप से कमजोर है और चाहते हैं कि आपका बच्चा प्राइवेट स्कूल में पढ़े तो चिराग योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं.
