रोहतक | खाटूश्याम धाम (Khatushyam Dham) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. नारनौल दैनिक रेल यात्री संघ द्वारा लगातार उठाई जा रही मांग को देखते हुए रेलवे ने मदार- रोहतक- मदार स्पेशल ट्रेन को फिर से हरी झंडी दिखा दी है. इस ट्रेन का 17- 31 मार्च तक फिर से संचालन हो रहा है. इस ट्रेन के दोबारा संचालन से रोहतक व झज्जर के लोगों को खाटूश्याम के लिए सीधी ट्रेन का लाभ मिलेगा.
कल से दौड़ेगी खाटूश्याम स्पेशल ट्रेन
खाटूश्याम धाम पर आयोजित हुए लक्खी मेले पर रेलवे द्वारा मदार- रोहतक- मदार स्पेशल ट्रेन संचालित की गई थी. कुछ दिनों बाद इस ट्रेन को बंद कर दिया गया था. इस ट्रेन के बंद होने पर दैनिक रेल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी. वहीं, रोहतक व झज्जर जिले के श्रद्धालुओं को खाटूश्याम जाने के लिए कोई ट्रेन की सुविधा नहीं थी. इसलिए इस ट्रेन के दोबारा संचालन की बार-बार मांग उठाई जा रही थी.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 09639, मदार- रोहतक स्पेशल रेलसेवा 17 मार्च सोमवार से 31 मार्च तक (15 ट्रिप) मदार से रोजाना साढ़े 4 बजे रवाना होकर 12.50 बजे रोहतक पहुंचेगी. इसी प्रकार वापसी में ट्रेन नंबर 09640, रोहतक- मदार स्पेशल रेलसेवा 17 मार्च से 31 मार्च तक (15 ट्रिप) रोहतक से प्रतिदिन 13.20 बजे रवाना होकर 22.35 बजे मदार पहुचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में मदार, किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रिंगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीम का थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाडी, गोकलगढ, झज्जर, अबोहर एवं रोहतक स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में 7 साधारण व 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 9 डिब्बे होंगे.
