चंडीगढ़ | कल 17 मार्च को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) बतौर वित्त मंत्री अपना पहला बजट पेश करेंगे. जानकारी मिली है कि इस बार बजट का थीम “महिला बिग गिफ्ट” रखा गया है. अबकी बार बजट 2 लाख करोड़ रुपए होने की संभावना बताई जा रही है. इस बजट में महिलाओं, किसानों, बेरोजगारों, खिलाड़ियों समेत अन्य वर्गों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया जा सकता है.
महिलाओं के लिए बजट में होगा खास प्रावधान
भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान “लाडो लक्ष्मी योजना” के तहत प्रदेश की महिलाओं के खाते में हर महीने 2,100 रुपए भेजने का वादा किया था. इसी दिशा में काम करते हुए इस बार के बजट में इसके लिए प्रावधान किया जा सकता है. इसके अलावा, ₹500 में सस्ते सिलेंडर देने की योजना का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है. वर्तमान में करीब 13 लाख परिवार ऐसे हैं, जिन्हें ₹500 में गैस सिलेंडर का लाभ दिया जा रहा है.
बेरोजगार युवाओं को मिल सकती है राहत
इस बजट में युवाओं के लिए भी बड़े ऐलान होने की उम्मीद है. विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने 2 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था. इससे पहले मुख्यमंत्री सैनी 26,000 युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंप चुके हैं. इस प्रकार देखा जाए, तो अपने वायदे के अनुसार मुख्यमंत्री सैनी हर साल करीब 40,000 युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे.
स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
इस बार के बजट में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र पर खासा फोकस रहने वाला है. पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल के दौरान सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज बनाने पर जोर दिया गया था. बजट में मुख्यमंत्री सैनी भी इस विषय में प्रावधान कर सकते हैं. डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए भी प्रयास होंगे. वर्तमान में प्रदेश के अस्पतालों में 4500 डॉक्टरों की कमी है. वहीं, राज्य के 45 लाख परिवारों को “चिरायु योजना” के तहत ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है. इस योजना का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है.
किसानों और कर्मचारियों का भी रखा जाएगा ध्यान
अव्वल बालिका योजना के तहत जिले में प्रथम आने वाली बच्ची को सरकार स्कूटी प्रदान कर सकती है. वहीं, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ₹10,000 प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दे सकती है, जो पहले ₹7,000 थी. बेरोजगारों को स्वरोजगार के लिए 25 लाख रुपए तक के लोन का प्रावधान भी बजट में किया जा सकता है.
दूसरी तरफ कर्मचारियों के लिए भी सरकार बड़े ऐलान कर सकती है. विभिन्न कर्मचारी संगठनों की मांगों को ध्यान में रखते हुए सरकार रिटायरमेंट की उम्र सीमा 58 से बढ़ाकर 60 साल कर सकती है. महेंद्रगढ़ में डिफेंस एयरोस्पेस और पंचकूला में फिल्म सिटी के लिए भी बजट का प्रावधान हो सकता है. वहीं, मेवात में नई सशस्त्र पुलिस बटालियन के वादे को भी बजट में पूरा किया जा सकता है. छोटे उद्योगों और व्यापारों के लिए भी बड़े ऐलान किए जाने की उम्मीद है.
