नूंह | हरियाणा के नूंह जिले की भावना गोयल ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित हुई सीजीएल परीक्षा के पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल की है. उन्हें वित्त मंत्रालय में टैक्स असिस्टेंट के पद पर नियुक्त किया गया है. वर्तमान में वह अपने माता- पिता के साथ फरीदाबाद में रहती हैं. उन्होंने 20 साल पहले ही गांव छोड़कर शहर में बसने का फैसला लिया था. हालांकि, आज भी वह अपने मेवात क्षेत्र से गहरा लगाव रखती हैं. भावना की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
चारों बच्चे पढ़ने में होशियार
भावना के पिता महेश बिछोरिया ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं. बड़ी बेटी आशी गोयल ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमएससी केमिस्ट्री की है. दूसरे नंबर पर भावना हैं. तीसरी बेटी कोमल ने एमएससी जूलॉजी में दिल्ली यूनिवर्सिटी में टॉप किया था. छोटा बेटा अभी स्कूल में पढ़ रहा है. चारों बच्चे पढ़ने में होशियार हैं. बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्होंने 20 साल पहले ही गांव से शहर में बसने का फैसला किया था.
भावना बचपन से ही पढ़ाई में होशियार थीं और उनका शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना था. वह कहते हैं कि कड़ी लगन और मेहनत के बल पर किसी भी मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
अधिकारी बनने का सपना
भावना का कहना है कि यदि ग्रामीण अंचल की बेटियों को भी सही मार्गदर्शन मिले, तो वे किसी भी मुकाम को आसानी से पा सकती हैं. भावना अपनी सफलता का श्रेय अपने माता- पिता और शिक्षकों को देती हैं. उनका अभी भी प्रशासनिक सेवा में अधिकारी बनने का सपना है, जिसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही हैं.
