रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले (Rewari District) में गरीब और आवासहीन परिवारों की पहचान के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है. केंद्र और प्रदेश सरकार की संयुक्त पहल से अब प्रदेश में कोई भी परिवार बिना आवास के नहीं रहेगा. इस योजना को धरातल पर लागू करने के लिए चरणबद्ध तरीके से कदम उठाए जा रहे हैं.
बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पात्र लाभार्थियों की सूची जारी की.
डीसी ने दिए निर्देश
डीसी अभिषेक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को लाभार्थियों को आर्थिक सहायता की पहली किस्त जारी करने के बाद आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. डीसी ने कहा कि अब कोई भी परिवार ऐसा नहीं होगा, जिसके पास अपना आवास न हो. यदि कोई इस योजना का लाभ उठाना चाहता है, तो ऐसे आवासहीन ग्रामीण परिवारों को अपने मोबाइल से निर्धारित प्रक्रिया पूरी करके अपने घर का सर्वे करवाना होगा. इसके बाद, वे इस योजना का लाभ उठा सकेंगे.
ऐसे करें आवेदन
- जो व्यक्ति सर्वे करवाना चाहता है, उसे अपने मोबाइल में दो ऐप डाउनलोड करने होंगे.
- सर्वे करने के लिए “आवास प्लस एप 2024” और चेहरे की पहचान के लिए “आधार फेस आरडी एप” को अपने फोन में इंस्टॉल करें.
- इसके बाद, “आवास प्लस एप 2024” पर “सेल्फ सर्वे” ऑप्शन चुनें.
- अपना आधार नंबर डालकर केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें और सेल्फी लें.
- सभी आवश्यक जानकारी ध्यानपूर्वक भरें.
- अंत में “सबमिट” बटन पर क्लिक करें.
- इसके बाद आधार फेस आरडी एप” से वेरिफिकेशन की प्रोसेस पूरी करें.
यह लोग हैं पात्र
डीसी ने जानकारी दी कि जिनके मकान कच्चे हैं, टूटे हुए हैं, जिनमें दरारें आई हुई हैं या जिनके पास स्वयं का पक्का मकान नहीं है और जो वास्तव में इस योजना के लिए जरूरतमंद हैं, ऐसे परिवार सर्वे के बाद इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. परिवार द्वारा आवेदन करने के बाद उनका सर्वे ऑनलाइन सर्वेयर को भेजा जाएगा. इसके बाद, गांव के लिए नियुक्त सरकारी सर्वेयर घर का निरीक्षण करेगा. वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद योजना का लाभ योग्य परिवारों को प्रदान किया जाएगा.
