हिसार | हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी साल अप्रैल में इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. एयरपोर्ट के दूसरे चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है और इसके संचालन के लिए अलायंस एयर के साथ समझौता भी हो गया है.
इन 5 शहरों के लिए मिलेंगी सेवाएं
हिसार एयरपोर्ट से जल्द ही अयोध्या, जम्मू, जयपुर, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू होंगी. हवाई यात्रा को सुगम बनाने के लिए नाइट लैंडिंग की सुविधा भी दी गई है, जिसके लिए कैट-टू लाइट्स लगा दी गई हैं. हालांकि, लैंडिंग इंस्ट्रूमेंट सिस्टम को अभी स्थापित किया जाना बाकी है.
विपक्ष पर साधा निशाना
मंत्री विपुल गोयल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो नेता एयरपोर्ट के लाइसेंस न मिलने पर सांसदी छोड़ने की बात कर रहे थे, अब उन्हें अपने वादे पर कायम रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हित में लगातार फैसले ले रही है, जबकि पिछली सरकारें ठोस निर्णय लेने में असफल रहीं.
लाडो लक्ष्मी योजना बनेगी बेटियों के लिए वरदान
अपने बयान में विपुल गोयल ने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह योजना हरियाणा की बेटियों के लिए वरदान साबित होगी. उन्होंने विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि वे सिर्फ सरकार की नीतियों की आलोचना करते हैं, जबकि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है.
