नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग पर ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां 2.8 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर मौजूद 5 में से 3 रेड लाइट्स को सिग्नल फ्री कर दिया गया है.
ट्रैफिक जाम से निजात
यहां लालबत्ती पर मुड़ने वाली जगहों को बंद करते हुए उनसे कुछ आगे यू- टर्न बना दिए गए हैं. इस सुविधा से लगभग 12 मिनट की दूरी मात्र 2 से 3 मिनट में पूरी हो सकेगी. पूर्वी रेंज के ट्रैफिक डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि विकास मार्ग पर इन लालबत्ती पर वाहनों के ठहराव के चलते ईंधन और समय दोनों की बर्बादी हो रही थी.
किया गया अध्ययन
उन्होंने बताया कि गुरु हनुमान सोसाइटी ऑफ भारत के महासचिव अतुल रंजीत की तरफ से इन रेड लाइट्स को हटाने के लिए सुझाव मिला था, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस पर अध्ययन किया गया. इसके बाद, प्रीत विहार, निर्माण विहार और विजय चौक पर पहले अस्थायी यू- टर्न बनाए गए. इस सड़क पर कई महीनों तक चले ट्रायल के सकारात्मक परिणाम सामने आए, जिसके बाद यहां स्थायी यू- टर्न बना दिए गए हैं.
बिना रूकावट के कर पाएंगे सफर
डीसीपी ने बताया कि अब विकास मार्ग पर लक्ष्मी नगर लालबत्ती से कड़कड़ी मोड़ और कड़कड़ी मोड़ से लक्ष्मी नगर तक वाहन बिना किसी रूकावट के सफर कर सकेंगे. उन्होंने बताया कि अब इस रूट पर लक्ष्मी नगर लालबत्ती और कड़कड़ी मोड़ लालबत्ती बची हुई है, जिन्हें हटाने के लिए भी योजना बनाई जाएगी.
