नई दिल्ली | PM आवास योजना- ग्रामीण का लाभ लेने के लिए आवेदन करने का समय बढ़ा दिया गया है. अब पात्र परिवार आवास प्लस पोर्टल पर 30 अप्रैल तक पंजीकरण करवा सकते हैं. इस संबंध में केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग ने संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है. पहले आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 मार्च रखी गई थी.
ग्राम सचिवों की लगाई गई ड्यूटी
योजना में ऐसे परिवार आवेदन कर सकते हैं, जो किसी कारणवश साल 2017- 18 में आवेदन नहीं कर पाए थे. आवास प्लस पोर्टल से पात्र परिवार का व्यक्ति अपने स्तर पर भी आवेदन जमा करवा सकता है. साथ ही, पंचायतों के ग्राम सचिवों की ड्यूटी भी इस योजना के लिए लोगों का पंजीकरण करवानें में लगाई गई है.
ऐसे में पात्र परिवार किसी भी तरीके से योजना के लिए पंजीकरण करा सकता है. इन पंजीकृत परिवारों को पक्के मकान देने के लिए भविष्य में सरकार की तरफ से ब्लॉक अनुसार लक्ष्य दिया जाएगा.
मिलेगी इतनी धनराशि
झज्जर में जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने बताया कि 30 अप्रैल तक आवेदन करने के अलावा इसका सर्वे भी एक माह तक बढ़ा दिया गया है. इस योजना के तहत, पात्र परिवारों को तीन किस्तों में सहायता राशि दी जाती है. मकान निर्माण के लिए कुल 1.38 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि तीन किस्तों में दी जाती है. पहली किस्त में 45 हजार रुपये, दूसरी में 60 और तीसरी अंतिम किस्त में 33 हजार रुपये जारी होते हैं. साथ ही 90 दिन की मजदूरी मनरेगा के 374 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 33,360 और 12 हजार रुपये की राशि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए दी जाती है.
घर बैठकर कर सकेंगे आवेदन
ग्राम सचिव पात्र परिवारों के घर जाकर सर्वे कर रहे हैं और वहीं से मोबाइल एप्लीकेशन के जरिये आवेदन करेंगे. यदि कोई ग्रामीण स्वयं आवेदन करना चाहता है, तो वह आवास प्लस ऐप का उपयोग कर सकता है. योजना की अधिक जानकारी के लिए संबंधित ग्राम सचिव से संपर्क किया जा सकता है.
