नई दिल्ली | शराब के शौकीनों के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) से एक बड़ी खबर सामने आई है. दिल्ली की BJP सरकार ने रामनवमी और गुड फ्राइडे सहित कई अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक त्यौहारों पर शराब की दुकानों को बंद रखने के लिए वित्त वर्ष 2025- 26 की पहली तिमाही में पांच ड्राई डे घोषित किए हैं. यानि इन दिनों पर दिल्ली में शराब की दुकानें बंद रहेंगी.
इन तारीखों पर बंद रहेगी दुकानें
दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, रामनवमी (6 अप्रैल), महावीर जयंती (10 अप्रैल), गुड फ्राइडे (18 अप्रैल), बुद्ध पूर्णिमा (12 मई) और ईद- उल- जुहा (6 जून) पर शराब की दुकानें बंद रहेंगी. आबकारी आयुक्त सनी सिंह ने जारी आदेश में कहा कि शराब लाइसेंसधारियों के लिए ड्राई डे दिल्ली आबकारी नियम, 2010 के नियम 52 के प्रावधानों के अनुसार घोषित किए गए हैं.
क्या होता है ड्राई डे?
जिस दिन सरकार किसी विशेष त्यौहार या विशेष अवसर पर पूरे राज्य में शराब की बिक्री पर रोक लगाती है, उसे ड्राई डे कहा जाता है. इस दिन हर हालत में शराब की दुकानें बंद रहती है. जो दुकानदार या मालिक नियमों का पालन नहीं करता है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है. धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से बचने के लिए विशेष धार्मिक त्योहारों पर ड्राई डे मनाया जाता है.
