चंडीगढ़ | हरियाणा में पोल्ट्री फॉर्म का व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) ने राज्य में मुर्गी पालन फॉर्मों की जरूरतों और समस्याओं के समाधान के लिए एक उपसमिति का गठन किया है जिसमें कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह और पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार को जगह दी गई है.
9 लाख रूपए मिलेगा लोन
विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को उपसमिति को सहायता प्रदान करने के लिए नोडल विभाग के रूप में नामित किया गया है, जबकि पर्यावरण निदेशक नोडल अधिकारी की भूमिका में रहेंगे.
प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू करने के लिए सब्सिडी पर 9 लाख रूपए का लोन दिया जाता है. इसमें सामान्य वर्ग को 25% और अनुसूचित जाति और जनजाति को 33% सब्सिडी का प्रावधान किया गया है.
सरकार को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
इस लोन का भुगतान करने के लिए 5 साल का समय दिया जाता है. यदि किसी कारणवश इस निश्चित समयावधि में लोन चुकता नहीं हो पाता है, तो 6 महीने का अतिरिक्त समय दिया जाता है. प्रदेश सरकार द्वारा गठित उप समिति पोल्ट्री फॉर्म एसोसिएशन के साथ बैठकें कर व्यवसाय की जरूरतों और समस्याओं पर रिपोर्ट तैयार राज्य सरकार के पास भेजेगी.
