हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के मिंगनी खेड़ा गांव के नरेंद्र कुमार ने नेपाल स्थित विश्व के सबसे ऊंचे पर्वतों में से एक पर तिरंगा लहराकर प्रदेश का नाम विश्व पटल पर चमका दिया. बता दें कि विश्व की सबसे खतरनाक पर्वत श्रृंखला में से एक माउंट अन्नपूर्णा (8091 मीटर) पर चढ़ाई करना काफी चुनौती पूर्ण माना जाता है. नरेंद्र ने अपने अभियान की शुरुआत 25 मार्च 2025 को भारत की तरफ से की थी. महज 12 दिन में ही उन्होंने 7 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे चोटी पर पहुंचाकर वहां तिरंगा लहरा दिया.
पहले भी रच चुके कीर्तिमान
माना जाता है कि यह पर्वत श्रृंखला अत्यधिक ऊंची और तूफानों से घिरी है. इस पर चढ़ाई करना खतरे से खाली नहीं है. इसके बावजूद नरेंद्र ने अपने अद्भुत साहस और परिश्रम के बलबूते इसे फतेह करने में सफलता हासिल की है. इससे पहले भी 2022 में वह माउंट ल्होत्से पर 16 मई को तिरंगा फहरा चुके हैं. इसे दुनिया की चौथी सबसे ऊंची चोटी माना जाता है. इसके अलावा अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर केवल 5 दिनों में दो बार चढ़ाई करके वह अपने नाम एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कर चुके हैं.
युवाओं को दे रहे प्रेरणा
भारत में भी उन्होंने माउंट फ्रेंडशिप, माउंट बीसी रॉय और 15 अगस्त 2021 को हिमाचल प्रदेश की माउंट यूनम (6111 मीटर) पर 151 फीट लंबा तिरंगा फहराया था. नरेंद्र का लक्ष्य है कि वह अब विश्व की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराएं. वह युवाओं को भी माउंटेनियरिंग और एडवेंचरस स्पोर्ट्स खेलने की प्रेरणा देते हैं.
2019 में नरेंद्र कुमार ने मनाली से बेसिक और 2021 में दार्जिलिंग से एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स किया. उन्होंने हिसार के जीजेयू से बीटेक की है. उनके पिता एक्साइज अफसर से रिटायर हैं और मां गृहिणी हैं.
