हिसार | डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती पर हरियाणा के इकलौते हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से कमर्शियल हवाई सेवा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरी झंडी दिखा चुके हैं. अब इससे जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के लिए हिसार एयरपोर्ट के नजदीक लगभग 3 हजार एकड़ जमीन पर औद्योगिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) स्थापित किया जाएगा.
इस IMC को हरियाणा सरकार और नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NICDC) के सहयोग से विकसित किया जाएगा. इस पर लगभग 4,680 करोड़ रुपये की लागत आएगी. यह जानकारी सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में दी गई है. इस बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित थे.
बनेंगे रोजगार के अवसर
सीएम नायब सैनी की उपस्थिति में हुई इस बैठक में बताया गया कि इस परियोजना के विकसित होने से लगभग 32 हजार करोड़ रुपये के निवेश आने की संभावना है और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. इस IMC को 2 चरणों में विकसित किया जाएगा. यहां सड़क, बिजली- पानी, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट सहित सभी प्रकार की बुनियादी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
बैठक में जानकारी दी गई कि अमृतसर- कोलकाता औद्योगिक गलियारे के तहत सात राज्यों के कुल 6 शहरों में औद्योगिक टाउनशिप स्थापित की जा रही है, जिसमें हिसार में स्थापित होने वाली औद्योगिक टाउनशिप सबसे बड़ी होगी. जो करीब 3 हजार एकड़ जमीन पर विकसित की जाएगी.
एयरपोर्ट से नजदीकी का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जल्द ही सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस IMC में भारत के साथ- साथ विदेशी कंपनियों से भी निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के नजदीक होने के चलते उद्योगों को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा.
