हिसार | समूचे देश के लिए एक बेहद ही दुखदाई खबर सामने आई है. हरियाणा के हिसार जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला निवासी 25 वर्षीय सचिन असम में शहीद हो गए हैं. सचिन की पोस्टिंग इंडियन एयरफोर्स में 11 एयर विंग में असम के जिला तेजपुर में थी. वह असम के सोनितपुर जिले के भालुकपोंग में भराली नदी में डूबने के बाद सोमवार से लापता थे.
सिविलियन को बचाने के लिए लगाई थी छलांग
बताया जा रहा है कि सचिन ने किसी सिविलियन को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई थी लेकिन उसके बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला. इसके बाद ITBP के जवानों ने नदी में सर्च अभियान चलाया और मंगलवार को सचिन का शव बरामद हुआ.
पूरे दिन चला अभियान
जैसे ही ITBP को सचिन के पानी में डूबने की खबर मिली तो सहायक कमांडेंट गंभीर सिंह चौहान के नेतृत्व में बचाव अभियान चलाया गया लेकिन सचिन को बचाया नहीं जा सका. ITBP की टीम ने सचिन के शव को सफलतापूर्वक बरामद कर अधिकारियों को सौंप दिया.
आज पैतृक गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर
सचिन 2019 में इंडियन एयरफोर्स में भर्ती हुए थे. वर्तमान में उनका परिवार जींद शहर में रहता है. सचिन अविवाहित थे. उनके पिता का आठ साल पहले देहांत हो चुका है. सचिन का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव भिवानी रोहिल्ला पहुंचेगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी.
