हिसार | हरियाणा के हिसार शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सीएम नायब सैनी के आह्वान पर हिसार नगर निगम (Hisar Nagar Nigam) ने शहर को गढ्ढा मुक्त करने की पहल की शुरुआत कर दी है. इस संबंध में नगर निगम द्वारा एक टोल फ्री नंबर 9953558000 जारी किया गया है, जिसपर लोकेशन के साथ सड़क पर गढ्ढों की फोटो भेज सकते हैं.

गढ्ढा मुक्त अभियान की शुरुआत
हिसार के मेयर प्रवीण पोपली ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नगर निगम अधिकारियों से बातचीत के बाद शहर की सड़कों को गढ्ढा मुक्त करने का अभियान शुरू किया गया है. पहले चरण में कंक्रीट से बनी सड़कों की हालत सुधारी जाएगी.
प्रवीण पोपली ने कहा कि यदि सड़क किसी ठेकेदार के द्वारा किए गए कार्य के रखरखाव की समयावधि में हैं तो सड़क ठीक करने की जिम्मेदारी ठेकेदार की रहेगी. अन्यथा नगर निगम द्वारा सड़क को गढ्ढों से मुक्ति दिलाई जाएगी. उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों को गढ्ढों से मुक्ति दिलाने के लिए भरसक प्रयास किए जाएंगे और इस काम के लिए मैं शहरवासियों का भी सहयोग चाहता हूं.
तुरंत प्रभाव से होगा समाधान
हिसार शहर के मेयर प्रवीण पोपली ने बताया कि सड़कों में बने गढ्ढों की शिकायत आप लिखित या WhatsApp के माध्यम से नगर निगम कार्यालय या मेयर कार्यालय में भेज सकते हैं. इसके लिए नगर निगम के टोल फ्री नंबर पर लोकेशन सहित सड़क पर बने गढ्ढों की फोटो भेजनी होगी. उन्होंने कहा कि शहर के लोगों द्वारा गढ्ढों की किसी भी माध्यम से मिली शिकायतों का तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाएगा. आगे उन्होंने कहा कि एक- एक करके सभी विषयों पर बैठक कर शहरवासियों की समस्याओं का हल निकाला जाएगा.