भिवानी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. भारतीय निशानेबाज सुरुचि सिंह ने ISSF विश्वकप 2025 लीमा में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है. उन्होंने गोल्ड मेडल के लिए खेले गए फाइनल मुकाबले में 243.6 का स्कोर बनाया और दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता मनु भाकर को हराकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
विश्वकप में दूसरा गोल्ड मेडल जीता
सुरुचि सिंह ने विश्वकप में दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है. पिछले साल नई दिल्ली में शूटिंग नेशनल्स में 7 स्वर्ण पदक जीतने वाली सुरुचि ने पिछले ISSF विश्व कप 2025 ब्यूनस आयर्स में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में भी गोल्ड मेडल जीता था. सुरुचि सिंह और सौरभ चौधरी ने ब्यूनस आयर्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक भी जीता है. सुरुचि भिवानी में गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी में अभ्यास करती हैं.
एक और पदक जीतने की उम्मीद
मूलरूप से झज्जर निवासी सुरुचि भिवानी की गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग अकेडमी में कोच सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण हासिल कर रही है. सुरुचि अब पेरू में आयोजित इंटरनेशनल टूर्नामेंट में शिरकत कर रही है, जिसका आज रात दो बजे मैच हैं. कोच सुरेश कुमार ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि इस प्रतियोगिता में भी सुरुचि गोल्ड मेडल जीतकर देश- दुनिया में हरियाणा और झज्जर का नाम रोशन करेगी. उन्होंने बताया कि सुरुचि प्रतिदिन झज्जर से भिवानी ट्रेन में ट्रैनिंग करने पहुंचती है और शाम को ट्रेन से ही घर वापसी करती है.
घर में छाई खुशियां
पिता इंद्र सिंह ने बताया कि बेटी सुरुचि ने ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को हराकर गोल्ड मेडल जीता है, जो बेहद ही उच्चस्तरीय खेल का उदाहरण पेश करता है. हमें अपनी बेटी की उपलब्धियों पर गर्व महसूस हो रहा है. उसने बचपन से ही खिलाड़ी बनने के लिए कड़ी मेहनत को जारी रखा और आज हमारी बेटी विश्व स्तर की पदक विजेता खिलाड़ी बन गई है. उनके इस प्रदर्शन से घर में खुशियां छाई हुई है.
