हिसार | हरियाणा के हिसार (Hisar) जिले से एक अनोखी शादी सामने आई है. यहां नलवा विधानसभा क्षेत्र के गांव गावड़ में दो भाईयों ने अपने 6 बेटा- बेटियों का एक साथ विवाह किया है. राजेश पूनिया और अमर पूनिया के दोनों बेटों का विवाह 18 अप्रैल और चारों बेटियों का विवाह 19 अप्रैल को बड़ी धूमधाम से सम्पन्न हुआ. ये शादियां चार अलग-अलग परिवारों में हुई है. खास बात यह रही कि सभी के विवाह का न्यौता देने के लिए परिवार ने शादी कार्ड भी एक ही छपवाया था.
परिवार ने बताई वजह
दोनों भाईयों से जब एक साथ इतने बच्चों का विवाह करने की वजह पूछी गई तो उन्होंने बताया कि आज महंगाई का जमकर बोलबाला है. एक शादी करने में लाखों रूपए खर्च आता है. साथ ही, टाइम की बर्बादी होती है. एक साथ सभी बच्चों की शादी करने से बार- बार विवाह संबंधी कार्यों के लिए होने वाली भाग- दौड़ से छुटकारा मिल जाता है. उन्होंने पैसे और समय का महत्व देखते हुए सभी बच्चों की एक साथ शादी करने का फैसला किया. इससे पैसे और समय दोनों की बचत हुई है.
राजेश और अमर ने बताया कि वे गांव के खेतों में बनी ढाणियों में रहते हैं. परिवार का मुख्य व्यवसाय खेती ही है. इस मंहगाई के जमाने में एक ही घर में बार- बार विवाह करने से खर्च बहुत बढ़ जाता है. बार- बार भाग- दौड़ भी रहती है. सभी बच्चों की उम्र में कोई ज्यादा फर्क नहीं था, तो ऐसे में दोनों भाईयों ने मिलकर सभी बच्चों की शादी एक साथ करने का फैसला किया था.
समाज में गया अच्छा संदेश
दोनों भाईयों ने बताया कि सभी बच्चों की एक साथ शादी करने से जहां पैसा और समय दोनों की बचत हुई है, तो वहीं दूसरी ओर इससे समाज में भी अच्छा संदेश गया है. आने वाले समय में महंगाई और समय की बचत को देखते हुए और लोग भी इससे प्रेरित होंगे तथा अपने बच्चों की शादी एक साथ करने को तवज्जो देंगे.
