चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में गर्मी ने सितम ढाने शुरू कर दिए हैं. दिन में तो आम जनता के माथे पर पसीना सूखने का नाम ही नहीं ले रहा है. वहीं, रातें भी गर्म होने के कारण चैन की नींद सोना भी दुश्वार हो चुका है. आज बुधवार को मौसम विभाग द्वारा मौसम साफ रहने के आसार बताएं गए हैं. कल गुरुवार को प्रदेश के 14 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में अलर्ट
विभाग द्वारा जिन जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है. उनमें सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, हिसार, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल है. वहीं, आठ जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत को ग्रीन जोन में रखा गया है.
कल ऐसा रहा वेदर
कल मंगलवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस का इज़ाफ़ा दर्ज किया गया. इस दौरान 42 डिग्री सेल्सियस के साथ पलवल जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के जिलों के अधिकतम तापमान में उतर- चढ़ाव भी देखने को मिला.
सबसे ज्यादा रोहतक, हिसार और रेवाड़ी के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट देखने को मिली. इसके बाद, हिसार का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, रेवाड़ी का 38.1 डिग्री और रोहतक का 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. पलवल जिले में 1.5 डिग्री के बढ़ोतरी के बाद तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
