रोहतक | हरियाणा के रोहतक शहर (Rohtak City) में सफर करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रोडवेज प्रशासन ने शहर में सिटी बस सेवा का विस्तार कर दिया है. हिसार बाईपास से पीजीआई तक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी गई है. इसके साथ ही नए बस स्टैंड से हिसार बाईपास तक सिटी बस सेवा आज से शुरू हो गई है.
बड़ी अड़चन हुई दूर
रोहतक रोडवेज प्रशासन द्वारा पूरे शहर में सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई थी, लेकिन शहर में चल रहे निर्माण और एलिवेटेड रेलवे पुल के निकट बाधा के कारण सिटी बस हर जगह नहीं पहुंच पा रही थी. इस बाधा को दूर करने के लिए PWD ने रेलवे एलिवेटेड पुल के निकट सड़क सुधार और लोहे के गार्डर की ऊंचाई बढ़ाने का काम पूरा कर दिया है. इसके बाद, रोडवेज विभाग ने फैसला लिया है कि 25 अप्रैल यानि आज से सिटी बसों को हिसार बाईपास से पीजीआई और पीजीआई से बस स्टैंड तक संचालित किया जाएगा.
इन जगहों पर रहेगा ठहराव
रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि सिटी बसें पीजीआई मोड़ से D पार्क, बजरंग भवन, अशोका चौक, सोनीपत स्टैंड, आंबेडकर चौक, दुर्गा भवन, पुराना बस स्टैंड, सत्यम Toyota व ऑटो मार्केट होते हुए हिसार बाईपास पहुंचेंगी. इन बसों में किलोमीटर के हिसाब से किराया निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि आंबेडकर चौक से हिसार बाईपास के बीच सफर करने वाली सिटी बसें फ्लाईओवर से आवाजाही करेंगी.
