नई दिल्ली, Weather Update | राजधानी दिल्ली- NCR वालों के लिए मौसम के लिहाज़ से एक अच्छी खबर सामने आ रही है. बीते काफी दिनों से राजधानी के लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. लोगों को चिल्लाती धूप में अपने कामों के लिए घर से बाहर निकलना पड़ रहा है. अब राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में मौसम कुछ रहम दिखाने वाला है. दरअसल, आज मौसम विभाग द्वारा यहाँ पूरा दिन बादल छाए रहने के आसार बताए गए हैं. इससे हीट वेव से भी राहत मिलेगी.

2 मई तक बादलों का रहेगा असर
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली- एनसीआर में बीते 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में हल्की बरसात और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं भी चली हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर नरेश कुमार द्वारा जानकारी दी गई कि राजधानी दिल्ली- एनसीआर एरिया में आज से लेकर 2 मई तक बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. वर्तमान में यह 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है.
तापमान में आएगी गिरावट
दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में तापमान 39 डिग्री से 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है. आने वाले समय में इसमें बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि वर्तमान में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलती रहेंगी. रात के समय जो तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और दिन में 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है. आने वाले समय में इसमें भी गिरावट देखने को मिलेगी.