गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम जिले (Gurugram District) के विकास को नए पंख लगने वाले हैं. दरअसल, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) द्वारा अबकी बार शहर पर पिछले साल के मुकाबले 3 गुना ज्यादा बजट खर्च किया जाएगा. बता दें कि वित्त वर्ष 2024 में विकास कार्यों पर 954.08 करोड़ रुपए खर्च हुए थे, लेकिन अबकी बार इसे अनुमानित 3034.12 करोड़ रुपए किया गया है. इससे शहर में विकास की बयार बहनी तय है.
इन पर रहेगा मुख्य फोकस
अबकी बार शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने पर जोर दिया गया है. सड़कों, सीवर और पेयजल आदि के लिए 424.20 करोड़ रुपए और मोबिलिटी में सुधार के लिए 315.79 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है. शहरी पर्यावरण पर 93 करोड़ रुपए और सामाजिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर 109.20 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है.
इन खर्चों के लिए भी तय हुआ बजट
बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 997.29 करोड़ रुपए और स्वास्थ्य सुविधाओं पर 250 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है. जीएमडीए को होने वाली आमदनी को शहर में सुविधा मुहैया कराने पर खर्च किया जाएगा. इसके अलावा, मरम्मत और रखरखाव के लिए 694.60 करोड़ रुपए, जमीनी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 58.18 करोड़ रुपए और प्रशासनिक खर्चों के लिए 72.56 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है. अबकी बार सीएलयू, शराब लाइसेंस, उपयोगकर्ता शुल्क, भवन मानचित्र पासिंग आदि से होने वाली कमाई बढ़ाकर 137 करोड़ रुपए होने का अनुमान है.
