हिसार | हरियाणा की युवा पीढ़ी अपनी मेहनत और सच्ची लगन की बदौलत नित नए आयाम स्थापित कर देश- दुनिया में अपना नाम कमा रही है. इसी कड़ी में हिसार जिले (Hisar District) के गांव मिंगनी खेड़ा निवासी पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने दुनिया की सबसे ख़तरनाक चोटियों में से एक माउंट अन्नपूर्णा पर तिरंगा झंडा फहराते हुए हिंदुस्तान का गौरव बढ़ा दिया है. उनकी इस उपलब्धि को चौतरफा बधाइयां मिल रही है.
हरियाणा के पहले पर्वतारोही बने नरेंद्र
8,091 मीटर ऊंचाई पर स्थित माउंट अन्नपूर्णा चोटी पर तिरंगा झंडा फहराने वाले नरेंद्र कुमार हरियाणा के पहले पर्वतारोही बन गए हैं, जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल किया है. बता दें कि माउंट अन्नपूर्णा चोटी नेपाल में स्थित है और हिमालय पर्वत श्रेणी का हिस्सा है. उनकी इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सैनी, खेल मंत्री गौरव गौतम सहित कई अन्य मंत्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बधाई दी है.
जान जोखिम में डालकर हासिल किया मुकाम
नरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने माउंट अन्नपूर्णा पर तिरंगा झंडा फहराने के अभियान की शुरुआत 25 मार्च से की थी. उन्होंने 7 अप्रैल को सुबह साढ़े 10 बजे माउंट अन्नपूर्णा चोटी पर तिरंगा झंडा फहराते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया. उन्होंने 12 दिन में इस चोटी को फतह कर दिया. नरेंद्र ने आगे बताया कि माउंट अन्नपूर्णा चोटी पर हर 1- 2 घंटे में हिमस्खलन का खतरा बना रहता है, जो पर्वतारोहियों के लिए जानलेवा भी हो सकता है. उन्होंने आगे बताया कि विश्व की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराना उनका लक्ष्य हैं.
