चंडीगढ़ | हरियाणा के राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है. अब इन स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिड- डे- मील (Mid- Day- Meal) के दौरान मोटे अनाज का भरवा पराठा, दही कढ़ी पकोड़ा और वेज बिरियानी जैसे पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाए जाएंगे.
शिक्षा विभाग द्वारा नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने के बाद मौसम के अनुसारमिड- डे- मील के मेन्यू में बदलाव किया गया है. इसके तहत, 18 प्रकार के व्यंजनों की सूची बनाई गई है. विद्यार्थियों को हर दिन अलग- अलग प्रकार का व्यंजन परोसा जाएगा. विभाग द्वारा 1 मई से मिड- डे- मील के मेन्यू का नया शेड्यूल जारी किया गया है.
हर दिन मिलेगा नया व्यंजन
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण मिड डे मील योजना के तहत महीने में हर रोज के हिसाब से 18 प्रकार के व्यंजनों की सूची बनाई गई है. इसे बच्चों के डाइट प्लान में शामिल किया गया है. इसे इस प्रकार से बनाया गया है कि बच्चों को पौष्टिक आहार मिले और विद्यार्थियों का शारीरिक व मानसिक विकास हो सके. शिक्षा विभाग द्वारा मेन्यू में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं.
मेनू को लागू करवाने की जिम्मेदारी मिड डे मील प्रभारी को सौंपी गई है. निर्देशों में बताया गया है कि प्रभारी द्वारा हर महीने में एक बार भोजन की लैब में जांच करवाई जाएगी, जिसमें भोजन की गुणवत्ता को परखा जाएगा.
