हिसार | हरियाणा में किसानों (Haryana Kisan) के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. हांसी बिजली निगम के एसडीओ मोहनलाल जांगड़ा ने बताया कि किसानों के लिए ट्यूबवेल कनेक्शन का लोड बढ़ाने की योजना शुरू की गई है. किसान साथी 100 रुपए प्रति किलोवाट के हिसाब से लोड बढवा सकेंगे. 31 जुलाई तक किसान इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
किसानों को मिलेगी कई सुविधाएं
एसडीओ मोहनलाल जांगड़ा ने बताया कि बिजली की बढ़ती डिमांड और खेती में अपनाई जा रही नई तकनीकों के चलते किसानों को अधिक लोड की जरूरत पड़ रही है. कई किसानों की मोटरें कम लोड के चलते बार-बार ट्रिप हो रही है, जिसके चलते सिंचाई प्रभावित हो जाती है.
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को कई सुविधाएं प्रदान की जाएगी. कोई पेनल्टी चार्ज नहीं लिया जाएगा. ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ने पर विभाग अपने खर्चे पर इसे बदलेगा. मोटर की रेटिंग के लिए बिल दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी. किसान अपनी इच्छानुसार ट्यूबवेल कनेक्शन का लोड बढवा सकते हैं.
आवेदन प्रक्रिया बेहद आसान
मोहनलाल जांगड़ा ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है. कुछ ही दिनों में कनेक्शन की समीक्षा कर नया लोड स्वीकृत कर दिया जाएगा. इस योजना का उद्देश्य किसानों को समय पर पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना रहेगा. इससे धान सीजन में किसान बिना किसी परेशानी के सिंचाई कर सकेंगे.
